जयपुर। लेखिका रजनी मिश्रा की नव-प्रकाशित पुस्तक ‘मंथन’ का भव्य विमोचन समारोह आगामी 9 अगस्त को प्रातः 11 बजे एम.आई. रोड स्थित होटल गणगौर में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम गलता पीठाधीश्वर स्वामी सम्पत कुमार अवधेशाचार्य महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डॉ. सूरज सिंह नेगी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि वरिष्ठ साहित्यकार एवं चिकित्सक डॉ. बजरंग सोनी विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं आईएएस अधिकारी टीकम चंद बोहरा करेंगे। इस अवसर पर साहित्य, शिक्षा और आध्यात्मिक जगत की अनेक गणमान्य हस्तियां भी मौजूद रहेंगी।
पुस्तक विमोचन के साथ-साथ एक विशेष साहित्य संगोष्ठी एवं पुस्तक चर्चा का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें श्रेष्ठ साहित्य के स्वाध्याय, सृजनात्मक लेखन और साहित्य की सामाजिक भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा गुप्ता पुस्तक ‘मंथन’ की समीक्षा प्रस्तुत करेंगी।
लेखिका रजनी मिश्रा स्वयं अपनी रचना-यात्रा और इस पुस्तक के लेखन की प्रेरणा को श्रोताओं के साथ साझा करेंगी। इसके अतिरिक्त, समारोह में जयपुर की प्रमुख साहित्यिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, प्रकाशकों और साहित्यसेवियों का विशेष सम्मान भी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि लेखिका रजनी मिश्रा, गलता पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य महाराज की धर्मपत्नी हैं और वे लंबे समय से साहित्य सृजन में सक्रिय हैं। ‘मंथन’ उनकी चौथी पुस्तक है, जिसे उन्होंने दो वर्षों के सतत लेखन के बाद पूर्ण किया है। लेखिका ने इस संग्रह के माध्यम से गहन विचारों को संक्षिप्त व प्रभावशाली रूप में पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। साहित्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वे पूर्व में भी कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजी जा चुकी हैं।



















