जयपुर। बॉलीवुड के प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस यश राज फिल्म्स (वाईआरएफ) पहली बार हॉरर जॉनर में कदम रखने जा रहा है। वाईआरएफ की इस पहली हॉरर फिल्म में अभिनेता वरुण धवन मुख्य भूमिका निभाएंगे। इससे पहले वरुण और वाईआरएफ ने वर्ष 2018 में रिलीज़ हुई फिल्म ‘सुई धागा: मेड इन इंडिया’ में साथ काम किया था।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार वाईआरएफ की पहली हॉरर फिल्म का निर्देशन अभय पन्नू करेंगे, जबकि प्रोजेक्ट को अक्षय विधानी आगे बढ़ा रहे हैं। वाईआरएफ अब तक रोमांस, एक्शन, ड्रामा और थ्रिलर समेत लगभग सभी प्रमुख शैलियों में फिल्में बना चुका है, लेकिन हॉरर जॉनर में यह उसकी पहली प्रस्तुति होगी।
अभय पन्नू चर्चित वेब सीरीज ‘रॉकेट बॉयज़’ के निर्देशन के लिए सराहना हासिल कर चुके हैं। यह फिल्म उनके करियर की पहली थिएट्रिकल फीचर फिल्म होगी। वरुण धवन के इस प्रोजेक्ट से जुड़ने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
वाईआरएफ अपनी रचनात्मक दुनिया का विस्तार करते हुए इस महत्वाकांक्षी हॉरर फिल्म को 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, फिल्म की कहानी, अन्य कलाकारों और रिलीज की सटीक तारीख का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है।



















