कामिका एकादशी आज: गोविंद देवजी मंदिर में विष्णु गायत्री महायज्ञ

0
34
Vaishakh Amavasya: Special Tableau Adorns Govind Devji Temple
Vaishakh Amavasya: Special Tableau Adorns Govind Devji Temple

जयपुर। श्रावण कृष्ण एकादशी को राजधानी जयपुर में ‘कामिका एकादशी’ का पर्व बेहद आस्था और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान श्री हरि विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। छोटीकाशी के प्रमुख वैष्णव मंदिरों में ठाकुर जी को विशेष रूप से लाल रंग की मनमोहक पोशाक धारण कराई जाएगी और ‘गोचारण लीला’ के भाव से अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। श्री सरस निकुंज, श्री गोपीनाथ जी, राधा दामोदर जी, मदन गोपाल जी, लाड़ली जी और बृज निधि जी मंदिर सहित शहर के तमाम वैष्णव देवालयों में एकादशी उत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कामिका एकादशी के पावन अवसर पर आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर परिसर में सुबह 8 बजे से ‘निशुल्क श्री विष्णु गायत्री महायज्ञ’ का भव्य आयोजन होगा। यज्ञ में शहर का कोई भी श्रद्धालु आकर आहुतियां दे सकता है। इसके लिए श्रद्धालुओं को घर से कोई भी सामग्री लाने की आवश्यकता नहीं होगी। गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी की टोली द्वारा संपादित कराए जाने वाले इस यज्ञ में भारतीय संस्कृति और परंपरा के अनुसार नागरिकों के जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ भी विशेष पूजन के साथ मनाए जाएंगे।

श्याम पार्कों और मंदिरों में सजेगा झूला महोत्सव

एकादशी पर छोटीकाशी के विभिन्न श्याम मंदिरों में भजन संध्याओं की धूम रहेगी। ‘म्हारे घरा पधारो श्याम संस्था’ अग्रवाल फार्म, मानसरोवर के तत्वावधान में शाम 7 बजे से सेक्टर-113 स्थित श्याम पार्क में ‘श्याम झूला महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा।

संस्था के पूरण सैनी और अध्यक्ष रतन कट्टा ने बताया कि आयोजन में बाबा श्याम के समक्ष अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी, भव्य दरबार सजाकर मनमोहक झांकी के साथ 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। उत्सव के दौरान श्रद्धालु बाबा श्याम को झूला भी झुला सकेंगे। झूला महोत्सव में सुप्रसिद्ध भजन गायक कुमार गिरिराज, गोपाल सेन, शुभम शर्मा और निशा शर्मा अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुतियों से शिव-श्याम भक्तों को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here