जयपुर। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में सिरसी रोड स्थित राजेंद्र नगर की मुस्कार रेजिडेंसी में सोमवार—मंगलवार की मध्यरात्रि एक फ्लैट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। धुएं का गुबार भरने से तीसरी मंजिल पर एक परिवार के 7 सदस्य फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें चलने में असमर्थ 80 वर्षीय महिला को पुलिसकर्मी ने गोद में उठाकर रेस्क्यू किया।
पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 1.30 बजे की है। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फ्लैट को नीरज पाठक ने गेस्ट हाउस के रूप में संचालित कर रखा था। आग लगने के बाद लपटें उठती देखकर अपार्टमेंट के लोग बाहर निकल आए, लेकिन धुएं का गुबार अधिक होने से परिवार तीसरी मंजिल पर ही फंस गया।
सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाने की 112 सेवा में तैनात कांस्टेबल सुरेश चंद्र और चालक मोहन सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मी धुएं के बीच तीसरी मंजिल पर पहुंचे और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान चलने में असमर्थ बुजुर्ग महिला को गोद में उठाकर बाहर लाया गया।
इधर दमकल की एक गाड़ी भी मौके पर पहुंची और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग से फ्लैट में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस और दमकलकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।



















