बाइक सवार बदमाशों ने महिला की चेन तोड़ी

0
39
Chain of five women broken in Kalash Yatra
Chain of five women broken in Kalash Yatra

जयपुर। विद्याधर नगर थाना क्षेत्र की अम्बाबाड़ी स्थित बैंक कॉलोनी में बाइक सवार दो बदमाश राह चलती महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। महिला ने साहस दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया और एक आरोपी की शर्ट पकड़ ली, लेकिन संघर्ष के दौरान शर्ट का एक हिस्सा महिला के हाथ में रह गया और दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।

थानाधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि बैंक कॉलोनी में मंदिर के पास पुष्पा देवी पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उतरकर महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन तोड़ ली। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से भागने लगे।

चेन टूटने पर पुष्पा देवी ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया। उन्होंने एक बदमाश की शर्ट पकड़ ली, लेकिन आरोपी ने भागने का प्रयास किया तो शर्ट फट गई और उसका कपड़ा महिला के हाथ में रह गया। इसी दौरान आरोपी अपने साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। आसपास भीड़ और अधिक ट्रैफिक होने से दोनों बदमाश ओझल हो गए।

महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो बदमाश वारदात करते नजर आ रहे हैं। पुलिस बदमाशों के आने-जाने वाले रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पीड़िता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here