जयपुर। ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को बनीपार्क स्थित होटल लेमन ट्री का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। कार्रवाई मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत की गई।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह और संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरवीजन में जयपुर मुख्यालय की सेंट्रल टीम ने होटल का निरीक्षण किया। टीम ने पनीर और बाटी के एक-एक नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लिए। दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई होगी।
एक्सपायर्ड सामग्री मौके पर नष्ट
निरीक्षण के दौरान होटल में मिली एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री को टीम ने मौके पर ही नष्ट कराया। इसमें ब्रेड के छह पैकेट, एक-एक किलोग्राम के पीनट बटर के दो जार और स्वीट कॉर्न के छह टिन शामिल थे।
इसके अलावा होटल के चाइनीज फूड मेन्यू पर मोनोसोडियम ग्लूटामेट (एमएसजी) के संबंध में आवश्यक चेतावनी अंकित नहीं मिली। निरीक्षण में सामने आई अन्य कमियों को लेकर होटल प्रबंधन को अलग से इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, नमूनीकरण और नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



















