जयपुर। गलता गेट स्थित मंदिर श्री गीता गायत्री जी में सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित शिव महापुराण कथा एवं सवा लाख बेलपत्र अर्पण महोत्सव का सात दिवसीय आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में हुए आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान शिव को बेलपत्र अर्पित कर कथा का श्रवण किया।
मंदिर प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि व्यास पीठ से आचार्य राजेश्वर जी महाराज ने शिव महापुराण के अंतर्गत द्वादश ज्योतिर्लिंगों की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान सोमनाथ, मल्लिकार्जुन और काशी विश्वनाथ सहित विभिन्न ज्योतिर्लिंगों की महिमा का प्रसंग सुनाया गया। कथा प्रसंगों के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन रहे।
सवा लाख बेलपत्र अर्पण महोत्सव भी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर भव्य महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इसके बाद महा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।



















