जयपुर। इस वर्ष आजादी का पर्व ‘स्वतंत्रता दिवस’ और लोक आस्था का पर्व ‘श्रावणी तीज’ एक ही दिन होने से राजधानी जयपुर में देशभक्ति और लोक संस्कृति की अनूठी जुगलबंदी देखने को मिलेगी। 15 अगस्त को जहाँ एक ओर तिरंगा शान से फहराएगा, वहीं दूसरी ओर तीज माता की भक्ति के सुर भी गुंजायमान होंगे।
इसी कड़ी में दादी का फाटक, मुरलीपुरा स्थित ‘विकास नगर पार्क’ में स्वतंत्रता दिवस समारोह और तीज महोत्सव का भव्य संयुक्त आयोजन किया जाएगा। विकास नगर विकास समिति के अध्यक्ष पन्नालाल तंवर ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9:00 बजे होगा, जहाँ शहीद मेजर योगेश अग्रवाल के पिता अजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद गायत्री चेतना केन्द्र, मुरलीपुरा के सौजन्य से तीज माता और भारत माता की नयनभिराम सजीव झांकी सजाई जाएगी।
समारोह में स्थानीय निजी विद्यालय के विद्यार्थी स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इस पावन अवसर पर महिलाएं अपने अखंड सुहाग की कामना को लेकर तीज माता की पूजा-अर्चना और नमन-वंदन करेंगी।
आयोजन समिति की ओर से सभी उपस्थित महिलाओं को तीज माता के प्रसाद स्वरूप सिंदूर भेंट किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान गायत्री शक्तिपीठ, ब्रह्मपुरी के परिव्राजक दिनेश आचार्य देशभक्ति पूर्ण प्रज्ञागीतों की ओजस्वी प्रस्तुतियां देंगे और उपस्थित जनसमूह को राष्ट्र निर्माण का संकल्प दिलाएंगे।



















