गोविन्द देव जी मंदिर से गिर्राज जी के लिए 22वीं पदयात्रा रवाना

0
59

जयपुर। जयपुर से गोवर्धन धाम के लिए भक्तों का उत्साह चरम पर देखने को मिला। श्री गिर्राज सेवा समिति के तत्त्वावधान में आयोजित 22वीं पदयात्रा गुरुवार सुबह आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर परिसर से भक्तिभाव के साथ रवाना हुई।

पदयात्रा की शुरुआत मंदिर प्रांगण में विशेष पूजा-अर्चना और आरती के साथ की गई। श्री शुक संप्रदाय पीठाधीश्वर अलबेली माधुरी शरण महाराज एवं सुरेन्द्राचार्य महाराज ने विधिवत पूजन कर पदयात्रियों को आशीर्वाद दिया और यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रवानगी के दौरान पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र “गिर्राज धरण की जय” और धार्मिक जयकारों से गूंज उठा। संयोजक गोविंद शरण, बाबूलाल धामाणी, सह संयोजक सीताराम तांबी, सत्यनारायण बागड़ा और जगदीश नारायण की अगवानी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पदयात्री हाथों में ध्वज लिए बैंड-बाजों और भक्ति भजनों की धुन पर नाचते-गाते हुए आगे बढ़ रहे थे।

पदयात्रा जयपुर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए गोवर्धन धाम के लिए प्रस्थान कर गई। जगह-जगह स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने पुष्प वर्षा कर पदयात्रियों का स्वागत किया और उनके लिए जल-पान की व्यवस्था की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here