जयपुर। मुहाना थाना क्षेत्र में बकाया पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय युवक की लाठी और लोहे के सरिए से पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक सचिन वर्मा रविवार रात अपने दोस्त के साथ शराब पीने के बाद टाइल्स ठेकेदार से बकाया भुगतान मांगने पहुंचा था। कहासुनी के बाद हुए झगड़े में आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 12 घंटे में वारदात का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज के अनुसार सीकर के नीमकाथाना क्षेत्र निवासी सचिन महाराष्ट्र में टाइल लगाने का काम करता था और करीब एक माह से अपने गांव मावंडा कलां आया हुआ था। 17 अगस्त को महाराष्ट्र जाने के लिए जयपुर पहुंचा, लेकिन ट्रेन छूट जाने पर वह रिंग रोड के पास किराए के कमरे में रहने वाले दोस्त हैप्पी उर्फ ऐपी के पास रुक गया। इससे पहले रविवार शाम दोनों ने कमरे पर शराब पी। शराब पीने के दौरान दोस्त ने सचिन को बताया कि टाइल्स ठेकेदार बुद्धाराम उसका बकाया भुगतान नहीं कर रहा है।
इसके बाद रात करीब 11 बजे दोनों रिंग रोड स्थित हार्दिक टाइल्स गोदाम के पास ठेकेदार बुद्धाराम के पास पहुंचे। यहां पैसों के लेन-देन को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट शुरू हो गई। इस झगड़े के दौरान बुद्धाराम उसके साथी कृष्ण और एक बाल अपचारी ने सचिन पर लाठियों और लोहे के सरिए से हमला कर दिया।
कृष्ण ने सचिन के सिर पर सरिए से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में गिर पड़ा। बाद में उसे महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार होने की कोशिश में थे।
इधर हत्या की सूचना से इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीण व जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर एकत्र हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों से पूछताछ की और तकनीकी अनुसंधान व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को चिन्हित किया। हेड कांस्टेबल कालूसिंह की विशेष भूमिका से दोनों मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया गया।
थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने बुद्धाराम (38) पुत्र स्व. बंशीधर वर्मा, निवासी ग्राम अजमेरी, थाना अजीतगढ़, सीकर, हाल निवासी हार्दिक टाइल्स गोदाम के पास, अभयपुरा, रिंग रोड, मुहाना और कृष्ण (20) पुत्र रामेश्वर, निवासी ग्राम अजमेरी, सीकर, हाल निवासी इसी स्थान को गिरफ्तार किया है। वहीं वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को निरुद्ध किया गया है।
इस कार्रवाई में मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार, हेड कांस्टेबल कालूसिंह, भंवरलाल, ओमप्रकाश, बहादुर, रामलाल, दामोदर, सचिन, संजीव, रामकरण तथा तकनीकी शाखा जयपुर दक्षिण के हेड कांस्टेबल लोकेश और रामसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


















