निर्माणाधीन मकान के गड्ढे में डूबे भाई-बहन, दोनों की मौत

0
48

जयपुर। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के मानपुर सड़वा इलाके में निर्माणाधीन मकान की नींव के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे पानी में डूबने से दो भाई-बहन की मौत हो गई। हादसा बुधवार दोपहर हुआ। मृतकों की पहचान लियाकत हुसैन के बेटे मोहम्मद अयान (7) और बेटी आलिया (11) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे दिल्ली रोड स्थित सड़वा के रशीदा नगर में निर्माणाधीन मकान के पास खेल रहे थे। बारिश के बाद निर्माण के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में करीब साढ़े चार फीट पानी भर गया था। खेलते-खेलते दोनों बच्चे गड्ढे में गिर गए और डूब गए।

पिता लियाकत हुसैन ने बताया कि दोनों बच्चों के करीब 40-45 मिनट तक पानी में डूबे रहने की आशंका है। बच्चों के नजर नहीं आने पर उन्होंने तलाश शुरू की। बाद में पानी से भरे गड्ढे में बच्चों की चप्पलें दिखाई दीं। एक युवक की मदद से पानी में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी ली।

लियाकत हुसैन मूल रूप से बरेली के लाडपुर, उस्मानपुर के रहने वाले हैं और करीब तीन साल से सड़वा की रशीद विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर मजदूरी करते हैं। बच्चों की मौत की खबर मिलते ही मां रजिया का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पिता ने फिलहाल पुलिस में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here