शादी से मना किया तो सीने में दागी गोली: प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही युवती घायल

0
32

जयपुर। सांगानेर सदर थाना इलाके में शादी से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी रिश्तेदार 23 वर्षीय युवती को गोली मार दी। गोली सीने में लगने से युवती गंभीर घायल हो गई। उसे स्थानीय लोगों ने महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

थानाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि घटना बुधवार रात सीतापुरा क्षेत्र में चतराला सर्किल के पास स्थित किराए के फ्लैट में हुई। भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र की रहने वाली कनक शाक्या अपनी मां राधारानी के साथ फ्लैट में रहती है और पिछले करीब तीन महीने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी आकाश पुत्र रामभरोसी निवासी नांगल दरवेशा, बसेड़ी, धौलपुर पीड़िता का रिश्तेदार है और उसकी चचेरी बहन का देवर है। आरोप है कि आकाश पिछले करीब एक वर्ष से कनक पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। युवती के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी बुधवार रात बाइक से हेलमेट लगाकर फ्लैट पर पहुंचा और युवती को गोली मारकर फरार हो गया। गोली सीने में लगी। सूचना पर सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

थानाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और शादी के लिए दबाव बनाने से जुड़ा सामने आया है। करीब 15 दिन पहले युवती की मां आरोपी के घर गई थीं। वहां परिवार की ओर से आश्वासन दिया गया था कि आकाश भविष्य में युवती को परेशान नहीं करेगा और शादी के लिए दबाव नहीं बनाएगा।

पीड़िता की मां राधा रानी शाक्या ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आकाश पिछले एक साल से उनकी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था और शादी से इनकार करने पर जान से मारने की धमकी देता था। करीब 15 दिन पहले भी आकाश उनके किराए के कमरे पर आया था और बेटी के साथ बदतमीजी की थी। इसकी शिकायत उसके परिजनों से की गई थी।

मां के अनुसार बुधवार शाम करीब 6.30 बजे वह काम से घर लौटी थीं। कुछ देर बाद आकाश कमरे में आया और कनक के सीने में गोली मारकर भाग गया। पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपी की तलाश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here