फिल्मों के जरिए बच्चों ने जाना दुनिया का सिनेमा और नई तकनीक

0
40
Through films, children learned about world cinema and new technology.
Through films, children learned about world cinema and new technology.

जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट की ओर से आयोजित 9वें आर्यन इंटरनेशनल चिल्ड्रन्स फिल्म फेस्टिवल ऑफ जयपुर (एआईसीएफएफ 2026) एवं 11वें सिक्सटीन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स (16आईएफएफ 2026) के तहत गुरुवार को रयान इंटरनेशनल स्कूल, वीटी रोड, मानसरोवर और डॉल्फिन्स हाई स्कूल, प्रताप नगर में 29 चयनित फिल्मों की स्क्रीनिंग हुई। फिल्मों के जरिए विद्यार्थियों को विभिन्न देशों की संस्कृति, सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाओं और कहानी कहने की शैलियों से परिचित कराया गया।

भारतीय फिल्मों में ‘तुम और मैं’, ‘हम नई सुबह की किरणें हैं, यह नया ज़माना हमारा है-डीजेआईएमई’, ‘आखिर ऐसा क्यों होता है?’, ‘वारंटी’ और ‘सुधा वाइफ’ प्रमुख रहीं। फेस्टिवल डायरेक्टर हनु रोज ने इनके फिल्मकारों को सम्मानित किया। अंतरराष्ट्रीय फिल्मों में दक्षिण कोरिया की ‘बटरफ्लाई आइज’, ईरान की ‘द ट्रांसलेटर’, फिलिस्तीन-अमेरिका की ‘माय फुट इज़ इन हेवन’, ऑस्ट्रिया की ‘ए मदर्स लव’, नॉर्वे की ‘डायनासोर्स इन हेवन’, अमेरिका की ‘द क्यूरियस इंसिडेंट ऑफ एवरेट वाइल्डर’, पाकिस्तान की ‘करीम’, ऑस्ट्रेलिया की ‘ऑस्ट्रेलिया-द ब्यूटीफुल’, ग्रीस की ‘द पैच’, रूस की ‘द चीफ’ और फ्रांस की ‘या हनूनी’ सहित फिल्मों ने परिवार, प्रकृति, साहस, संस्कृति और मानवीय संवेदनाओं से जुड़े विषय सामने रखे।

एकता कपूर के बैनर तले एआई तकनीक से बनी राजस्थानी फिल्म ‘वॉटर’ खास आकर्षण रही। पानी की समस्या पर आधारित इस फिल्म ने विद्यार्थियों को सिनेमा में एआई और नई तकनीक की संभावनाओं से परिचित कराया। कक्षा 8 के एक विद्यार्थी ने पहली बार एआई से बनी राजस्थानी फिल्म देखने पर खुशी जताई।

‘तुम और मैं’ के निर्देशक प्रांकुर चतुर्वेदी और अंजन सिंह ने कहा कि बच्चों के बीच बैठकर फिल्म देखना अच्छा अनुभव रहा और वे जनवरी में जिफ में फिर आना चाहेंगे। आयोजकों के अनुसार अगले वर्ष अगस्त में समारोह को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here