जयपुर। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की पहली साथ नजर आने वाली फिल्म ‘द वन’ का टीजर जारी हो गया है। टीजर में दोनों कलाकार एक ऐसी रहस्यमयी दुनिया में प्रवेश करते दिखाई देते हैं, जहां प्राचीन मान्यताओं, अलौकिक शक्तियों और अनसुलझे रहस्यों के बीच हर कदम पर नया रोमांच सामने आता है।
बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत फिल्म का टीजर भारतीय सिनेमा में कम देखने को मिलने वाली फोकलोर-फैंटेसी दुनिया की झलक देता है। कहानी का प्रमुख रहस्य उस जंगल से जुड़ा है, जहां सूर्यास्त के बाद प्रवेश करना वर्जित है। टीजर में जंगल और रहस्यमयी वातावरण के साथ भव्य विजुअल्स, साउंडस्केप और संगीत दर्शकों का ध्यान खींचते हैं। फिल्म में रहस्य और रोमांच के साथ भारतीय मिट्टी तथा भक्ति की झलक भी दिखाई देती है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की नई जोड़ी फिल्म का खास आकर्षण है। टीजर दोनों के किरदारों के बीच भावनात्मक जुड़ाव के साथ कई सवाल छोड़ता है कि उनके बीच क्या रिश्ता है और रहस्यमयी वन में उनका सामना किन परिस्थितियों से होने वाला है।
टीवीएफ के अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक मिश्रा और एकता कपूर की यह फिल्म भारतीय फोकलोर को बड़े सिनेमाई अंदाज में पेश करती है। फोकलोर और फैंटेसी के साथ फिल्म में रोमांच, रहस्य और हास्य का मेल देखने को मिलेगा। फिल्म की दुनिया पर आधारित ‘द लीजेंड ऑफ वन’ नाम की कॉमिक बुक भी जारी की जा चुकी है।
बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की इकाई बालाजी मोशन पिक्चर्स ने टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के साथ मिलकर फिल्म प्रस्तुत की है। कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है और निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। मनु आनंद डीओपी एवं विजुअल डायरेक्टर हैं। फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है।



















