बाइक चुराने वाला शातिर गिरफ्तार

0
40

जयपुर। माणक चौक थाना पुलिस ने धार्मिक और व्यस्त इलाकों से दुपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपी ने जयपुर शहर के अलावा रींगस, चौमू, दूदू और टोंक में आधा दर्जन से अधिक बाइक चोरी की वारदातें कबूल की हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर करण शर्मा ने बताया कि माणक चौक थाना पुलिस ने धार्मिक और व्यस्त इलाकों से दुपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर चोर वीरेंद्र गुर्जर उर्फ रवि सोलंकी (25) निवासी बसवा जिला दौसा को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ खाटूश्यामजी थाना, सीकर में चोरी के भी मामला दर्ज है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया और उसकी निशानदेही पर दो बाइक बरामद कीं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बसवा, दौसा का रहने वाला है और रोजगार की तलाश में जयपुर आया था। नशे की लत और आर्थिक तंगी के चलते वह सुनसान स्थानों पर खड़ी बाइक चोरी कर राहगीरों को सस्ते दामों में बेच देता था।

आरोपी ने सांगानेरी गेट के बाहर से एक बाइक, सिंधी कैंप बस स्टैंड के पास से स्प्लेंडर प्लस, चौमूं से एक बाइक, दूदू से एचएफ डीलक्स, रेलवे स्टेशन रींगस से एचएफ डीलक्स और कोथून, टोंक से एक बाइक चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस इन वाहनों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

थानाधिकारी राकेश ख्यालिया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की दो बाइक बेचने की फिराक में घूम रहा है। जिस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए आरोपित विरेन्द्र गुर्जर उर्फ रवि सोलंकी को धर—दबोचा।

इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल कैलाश चंद और विक्रम की भूमिका रही। आरोपी को पकड़ने और बाइक बरामद करने में कांस्टेबल कैलाश चंद की विशेष भूमिका बताई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here