जयपुर। रामनगरिया थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकें रामनगरिया, जयपुर शहर और दौसा जिले से चोरी की गई थीं। पूछताछ में आरोपियों ने दर्जनों वाहन चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। अदालत ने दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि रामनगरिया थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने दुपहिया वाहन चोरी करने वाले पुष्पेंद्र उर्फ छप्पन (24) निवासी नादौती जिला करौली और अजय राज मीणा उर्फ भूरा (23) निवासी घाटोली जिला करौली को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी मौज-मस्ती और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए बाइक चोरी करते थे। खाली स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रतिष्ठानों से दूर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर चोरी के बाद सुनसान जगहों पर छिपा देते थे। ग्राहक मिलने पर उन्हें बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
थानाधिकारी अनिल कुमार टेलर ने बताया कि अजय राज मीणा के खिलाफ जवाहर नगर थाने में एक तथा रामनगरिया थाने में तीन सहित चोरी के चार मामले दर्ज हैं। वहीं पुष्पेंद्र के खिलाफ बालाहेड़ी थाना दौसा में आरएनसी एक्ट तथा रामनगरिया थाने में चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों और चोरी के वाहनों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल प्रभुदयाल, कांस्टेबल विनोद कुमार, मुनेश, शंकरलाल, शिवपाल और गणेश शामिल रहे। कार्रवाई में कांस्टेबल शिवपाल की विशेष भूमिका रही।



















