कर्मचारियों के सामने शराब दुकान से गल्ला उठाकर हजारों रुपए ले भागा बदमाश

0
25

जयपुर। विद्याधर नगर थाना इलाके में बुधवार शाम दिनदहाड़े शराब दुकान में लूट की वारदात सामने आई। मंदिर मोड़ स्थित शराब दुकान में कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद बदमाश काउंटर के अंदर रखा गल्ला उठाकर ले गया और उसमें रखे हजारों रुपए मुट्ठी में भरकर फरार हो गया। कर्मचारियों ने बदमाश का पीछा किया, लेकिन वह गलियों में तेजी से भागकर बच निकला। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश शुरू कर दी है।

थानाधिकारी सज्जन कुमार ने बताया कि वारदात बुधवार शाम करीब 5 बजे हुई। दुकान के अंदर दो-तीन कर्मचारी बातचीत करते हुए काम कर रहे थे। इसी दौरान बदमाश दुकान के काउंटर के पास पहुंचा और कर्मचारियों की मौजूदगी में काउंटर के अंदर रखा गल्ला हाथ डालकर उठा लिया। इसके बाद उसने गल्ले को काउंटर पर रखकर उसमें रखे रुपए अपनी मुट्ठी में भर लिए।

बदमाश को रुपए निकालते देखकर कर्मचारियों ने शोर मचाया तो वह दुकान से बाहर निकलकर भाग गया। शराब दुकान के एक कर्मचारी ने उसका पीछा किया। अन्य कर्मचारियों ने भी काफी दूर तक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह तेजी से गलियों में भाग निकला और हाथ नहीं आया।

लूट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बदमाश की करतूत कैद मिली है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ ही उसकी तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here