जयपुर। शिवदासपुरा थाना इलाके में मंगलवार रात कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने डिलीवरी बॉय से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। जगतपुरा में महल रोड पर बदमाशों ने सफेद रंग की स्विफ्ट कार बाइक के आगे लगाकर डिलीवरी बॉय का रास्ता रोक दिया। कार से उतरे पांच नकाबपोश बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और जेब में रखे करीब 20 हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद मोबाइल छीनकर जबरन दो बार में कुल 2700 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए और उसे सड़क पर गिराकर कार से फरार हो गए।
एएसआई मानसिंह ने बताया कि करौली के कुड़गांव निवासी संतराम मीना (25) स्विगी कंपनी में डिलीवरी पार्टनर है। मंगलवार देर रात वह स्विगी का ऑर्डर पहुंचा कर बाइक से वापस लौट रहा था। इसी दौरान जगतपुरा स्थित महल रोड पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार उसकी बाइक के आगे आकर रुकी और रास्ता रोक दिया। बाइक रुकते ही कार से पांच नकाबपोश युवक नीचे उतरे। बदमाशों ने संतराम से गाली-गलौच करते हुए उसे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
बदमाशों ने उसकी जेब में रखे करीब 20 हजार रुपए निकाल लिए। इसके बाद मोबाइल छीनकर जबरन दो बार में 2700 रुपए ऑनलाइन अपने खाते में ट्रांसफर करवाए। लूटपाट के बाद बदमाशों ने पीड़ित को सड़क पर गिरा दिया और कार में बैठकर फरार हो गए। बदमाशों की मारपीट से चोटिल हुए संतराम ने निजी अस्पताल में प्राथमिक उपचार करवाया। वारदात की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी करवाई, लेकिन कार सवार लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
पीड़ित की रिपोर्ट पर शिवदासपुरा थाने में कार सवार बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वारदात स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।


















