किन्नर का वेश धर ज्वेलरी शॉप में घुस सोने के टॉप्स और अंगूठी चुराने वाला गिरफ्तार

0
12

जयपुर। बजाज नगर थाना पुलिस ने ज्वेलरी शॉप पर किन्नर का वेश धारण कर चोरी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने दुकानदार को बातों में उलझाकर सोने के टॉप्स और अंगूठी पार कर ली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से चोरी गया 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि बजाज नगर थाना पुलिस ने ज्वेलरी शॉप पर किन्नर का वेश धारण कर चोरी करने वाले शातिर आरोपी राजू उर्फ पूजा किन्नर (50) निवासी जालंधर (पंजाब) को गिरफ्तार किया है।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किन्नर का वेश धारण कर ज्वेलरी दुकानों पर जाता था। वेश बदलने के कारण उस पर आसानी से शक नहीं होता था। वह दुकानदारों को बातचीत में उलझाकर कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर देता था। पुलिस आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहनता से पूछताछ कर रही है।

थानाधिकारी रामधन डोभाल ने बताया कि सिद्धार्थ नगर निवासी रामरज गोयल (60) ने 31 अगस्त को बजाज नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी प्रगति पथ पर सरयू ज्वेलर्स नाम से ज्वेलरी की दुकान है और 19 अगस्त को दोपहर एक व्यक्ति किन्नर का वेश धारण कर एक महिला के साथ दुकान पर आया था और दुकान पर 11 जोड़ी पायल, 2 जोड़ी टॉप्स और एक लेडीज अंगूठी पसंद की।

इसके बाद भुगतान के लिए नकदी लाने का बहाना बनाकर वह दुकान से बाहर चला गया और साथी महिला को वहीं बैठा दिया। कुछ समय बाद दुकान में रखे सामान की जांच की गई तो सोने की एक जोड़ी टॉप्स और एक सोने की अंगूठी गायब मिली। दुकान संचालक ने साथ आई महिला से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह आरोपी को केवल दो दिन से जानती है और उसका घर भी नहीं देखा है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जिसके बाद विशेष पुलिस टीम गठित कर टीम ने ज्वेलरी शॉप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here