जयपुर। राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (आयुर्विज्ञान), स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से नीट-पीजी 2026 री-एग्जामिनेशन शनिवार, 5 सितंबर को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। कंप्यूटर आधारित परीक्षा दोपहर 3 से शाम 6.30 बजे तक होगी। जिले के पांच परीक्षा केन्द्रों पर कुल 2,499 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, बिजली, चिकित्सा और तकनीकी व्यवस्थाएं पुख्ता करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं।
परीक्षा समन्वयक नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि 30 अगस्त को देशभर में नीट-पीजी परीक्षा आयोजित की गई थी। जयपुर के आईओएन डिजिटल जोन, आईडीजेड सीतापुरा स्थित दो परीक्षा केन्द्रों पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति में समस्या के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो सकी थी। इन केन्द्रों पर परीक्षा पूरी नहीं कर पाए अभ्यर्थियों के लिए अब 5 सितंबर को री-एग्जाम आयोजित किया जा रहा है।
शंकरा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में 280, अलंकार महिला पीजी महाविद्यालय में 350, जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज में 640, ऑरोबिंदो इंटरनेशनल स्कूल जयपुर में 340 तथा श्री बालाजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में 889 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ साइबर सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस विभाग को दिए गए हैं। नकल रोकने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात रहेगा। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग परीक्षा केन्द्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा के लिए आवश्यक तकनीकी एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को अभ्यर्थियों के लिए पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर को आवश्यकता के अनुसार चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नगर निगम जयपुर को परीक्षा केन्द्रों पर साफ-सफाई के साथ अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और परीक्षा के दौरान शांतिपूर्ण, सुचारू एवं निष्पक्ष वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।



















