निर्माणाधीन बिल्डिंग की 13वीं मंजिल से कूदकर युवक ने दी जान

0
33

जयपुर। मानसरोवर थाना इलाके में निर्माणाधीन बिल्डिंग की 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर 25 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। उसका शव शुक्रवार रात बिल्डिंग के पास जमीन पर लहूलुहान हालत में मिला। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी सतीश चंद ने बताया कि सोडाला के रामनगर विस्तार निवासी गौरव शर्मा (25) पुत्र अरुण शर्मा 4 सितंबर की देर शाम करीब 7 बजे घर से पैदल निकला था। वह घर से करीब तीन किलोमीटर दूर मानसरोवर में गंगा-जमुना पेट्रोल पंप के पास स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग में पहुंचा। पुलिस जांच में सामने आया कि गौरव सीढ़ियों के बंद रास्ते को कूदकर बिल्डिंग के अंदर गया और 13वीं मंजिल की छत पर पहुंचकर वहां से छलांग लगा दी।

बिल्डिंग के पास रात करीब 9 बजे गौरव का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। सूचना पर मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया गया। शनिवार दोपहर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार गौरव सीतापुरा स्थित एक आईटी कंपनी में नौकरी करता था। वह अपनी मां के साथ रहता था। उसके पिता अरुण शर्मा की पहले ही मौत हो चुकी है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गौरव किसी तरह की परेशानी में नहीं था। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला। पुलिस अब गौरव के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाल रही है। इसके आधार पर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार को पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here