लाठी-डंडों से हमला कर युवती-भतीजे का अपहरण करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

0
53
Three accused arrested for abduction and assault with sticks and clubs.
Three accused arrested for abduction and assault with sticks and clubs.

जयपुर। जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में कमरे का दरवाजा तोड़कर रात में घुसने, युवती और उसके भतीजे पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने, अपहरण और युवती से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि परिवादिया ने 5 मई 2026 को जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 फरवरी की रात वह और उसका भतीजा सुरेश कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अंकित यादव ने सुरेश को फोन कर गाली-गलौज की, जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण सुरेश ने मोबाइल बंद कर दिया। इसके बाद रात करीब 2 बजे अंकित यादव, दीपक यादव, राहुल, जीतू, मनीष शर्मा सहित 10-12 लोग लाठी-डंडे लेकर कमरे में पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए।

आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की, जिससे परिवादिया बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी दोनों को जबरन स्विफ्ट कार में डालकर ले गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने सुनसान स्थान पर कार रोककर युवती से छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में परिवादिया के भाई का फोन आने और समझाइश के बाद आरोपियों ने दोनों को छोड़ दिया।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश की। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने दबिश देकर दीपक यादव (26) पुत्र तुलसीराम यादव, निवासी रेनवाल जयपुर ग्रामीण,जितेन्द्र कुमार वर्मा उर्फ जीतू वर्मा (25) निवासी रेनवाल, जयपुर ग्रामीण और राहुल कुमार रैगर (24) निवासी किशनगढ़ जयपुर ग्रामीण को तीन गिरफ्तार किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here