नकबजनी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार

0
45

जयपुर। शिवदासपुरा थाना क्षेत्र के प्रहलादपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल, तीन लैपटॉप, मॉनिटर, यूपीएस, कीबोर्ड, तांबे की केबल और ताला तोड़ने के औजार बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने आठ वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।

जयपुर दक्षिण पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि शिवदासपुरा थाना पुलिस ने प्रहलादपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले राहुल महावर (25) और करण बुनिया (20) को पकड़ा।

पूछताछ में दोनों ने चोरी और नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जेईसीआरसी यूनिवर्सिटी से दो बाइक, टेलीफॉरफॉरमेशन कंपनी चतराला से एक बाइक और बोहरा पेट्रोल पंप बीलवा से मोबाइल व अन्य सामान चोरी किया था। इसके अलावा रामचंद्रपुरा स्थित कंटेनर बनाने वाली कंपनी से लोहे के सरिए, सिल्वर और सिल्वर की फंटियां, वेल्डिंग फैक्ट्री से स्टील पाइप व लोहे की चादरें चोरी कीं।

आरोपियों ने विधाणी मंदिर-आश्रम से लोहे के सरिए और सिल्वर के भगोने, रामचंद्रपुरा की गैस फैक्ट्री से स्टील व पीतल के पाइप-वाल्व तथा केबल फैक्ट्री से लैपटॉप, कीबोर्ड और तांबे की केबल भी चोरी करना कबूल किया है।

पुलिस ने आरोपियों से 3 मोटरसाइकिल, 3 लैपटॉप, 1 मॉनिटर, 1 यूपीएस, 3 कीबोर्ड और तांबे की केबल बरामद की हैं। इसके अलावा ताले तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले दो नकब, प्लास, पेचकस, पाना, कटर मशीन सहित अन्य औजार भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपी राहुल महावर निवासी गोनेर के खिलाफ प्रताप नगर थाने में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। वहीं करण बुनिया निवासी बेलखोरी, जिला चतरा (झारखंड) के खिलाफ सांगानेर सदर और शिवदासपुरा थाने में नकबजनी के दो मामले पहले से दर्ज हैं।

पांच हजार का इनामी बदमाश गौरव गुर्जर गिरफ्तार

जयपुर शहर में वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस ने पांच हजार रुपए के इनामी बदमाश गौरव गुर्जर (24) निवासी सुरौठ जिला करौली को गिरफ्तार किया है। आरोपी गंभीर धाराओं में दर्ज प्रकरण में वांछित था और वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

जयपुर दक्षिण पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर जयपुर दक्षिण पुलिस उपायुक्त की ओर से पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here