जेडीए से प्रताड़ित होकर पानी की टंकी पर चढ़े छह लोग

0
53

जयपुर। प्रताप नगर सेक्टर-9 में रविवार दोपहर जयपुर विकास प्राधिकरण और जमीन से जुड़े विवादों में कोई सुनवाई न होने से आक्रोशित चार महिलाओं समेत छह लोग पानी की टंकी पर चढ़ गए। पीड़ितों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय मामले को टाल रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा के तौर पर टंकी के चारों ओर जाल बिछाया।

टंकी पर चढ़े प्रदर्शनकारियों में रेशमा, काली, लक्ष्मी, कुसुम, किशन और दौलत शामिल हैं। पीड़ितों ने साफ कहा कि वे सुबह से भूखे-प्यासे रहकर अपना हक मांग रहे हैं और जब तक ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलता, वे नीचे नहीं उतरेंगे। प्रदर्शनकारियों का यह गुस्सा देर रात तक जारी रहा, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूले रहे।

पूर्व डिप्टी मेयर के खिलाफ जताया आक्रोश

प्रदर्शन के दौरान पीड़ितों ने पूर्व डिप्टी मेयर पुनीत कर्णावत के खिलाफ भी अपना विरोध दर्ज कराया। गुस्साए लोगों ने पानी की टंकी पर कर्णावत का पोस्टर टांगकर अपना आक्रोश प्रकट किया। मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिक हरिओम मामा और चांदमल ने बताया कि अधिकारी लगातार समझाइश की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पीड़ित लिखित और ठोस आश्वासन की मांग पर अड़े हैं।

प्रशासन ने मांगा 10 दिन का समय, सुरक्षा बल तैनात

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने टंकी पर चढ़े लोगों से बातचीत की और मामले की जांच व निष्पादक कार्रवाई के लिए 10 दिन की मोहलत मांगी है। हालांकि, प्रदर्शनकारी अधिकारियों के मौखिक वादों पर भरोसा करने को तैयार नहीं हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और रेस्क्यू टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here