जयपुर। करणी विहार थाना क्षेत्र के जगदम्बा नगर में एक बॉडी बिल्डर का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक दो दिन पहले ही अहमदाबाद से अपनी धर्म बहन से मिलने जयपुर आया था। सूचना पर करणी विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए।
थानाधिकारी सत्यपाल यादव ने बताया कि मृतक की पहचान दौसा के लालसोट निवासी लोकेश शर्मा उर्फ लक्की (30) पुत्र सुरेश चंद शर्मा के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद में रहकर बॉडी बिल्डिंग करता था। शनिवार रात खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने चला गया। देर रात उसने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
रविवार सुबह परिवार के सदस्य उठ गए, लेकिन लोकेश कमरे से बाहर नहीं आया। दोपहर करीब 12 बजे तक उसके नहीं उठने पर धर्म बहन उसे जगाने पहुंची। काफी आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर दरवाजा धक्का देकर खोला गया तो अंदर लोकेश का शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मृतक के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने से इनकार किया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।



















