पुष्य नक्षत्र से होगा परकोटा गणेश मंदिर में गणेश जन्मोत्सव का श्रीगणेश

0
50

जयपुर। चांदपोल स्थित परकोटा गणेश मंदिर में गणेश जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। महंत अमित शर्मा के सानिध्य में होने वाले महोत्सव में मंदिर को विशेष लाइटिंग, फूलों की बंदरवाल और सजावट से सजाया जाएगा। पुष्य नक्षत्र से गणेश चतुर्थी तक धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

गणेश जन्मोत्सव का शुभारंभ (मंगलवार) 8 सितंबर को पुष्य नक्षत्र के अवसर पर भगवान गणेश के विशेष पूजन और पंचामृत अभिषेक से होगा। महोत्सव के दौरान हवन, 108 गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ और शाम को दीपदान सहित धार्मिक अनुष्ठान होंगे। श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के साथ इन आयोजनों में शामिल होकर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करेंगे।

12 सितंबर को 21 हजार लड्डुओं की भव्य झांकी सजाई जाएगी। इसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। 13 सितंबर को 111 किलो मेहंदी वितरण और सिंजारा उत्सव होगा। महंत परिवार की ओर से प्रथम पूज्य गणेश को मेहंदी अर्पित की जाएगी। इसके बाद महिला मंडल की ओर से बधाई गान और उत्सव का आयोजन होगा तथा श्रद्धालुओं को मेहंदी वितरित की जाएगी।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर रहेगा। इस दिन भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित कर भव्य छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन भी होंगे। गणेश जन्मोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मंदिर में भक्तिमय माहौल रहेगा और गणपति बप्पा के जयकारों से चांदपोल क्षेत्र गूंजेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here