जयपुर। मानसून के बाद शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए नगर निगम जयपुर का विशेष महास्वच्छता अभियान सोमवार को छठे चरण में पहुंचा। ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ थीम पर मालवीय नगर, जगतपुरा और झालाना जोन के सभी वार्डों, गलियों और मोहल्लों में युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। निगम के अनुसार एक दिन में करीब 500 टन कचरे का निस्तारण किया गया।
इस अभियान की शुरुआत सुबह 7 बजे राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर से अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल ने स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर की। इस दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी, उपायुक्त जगतपुरा-झालाना अर्पणा शर्मा, मालवीय नगर जोन उपायुक्त मुकुट सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अभियान में 1500 से अधिक स्वच्छता योद्धाओं के साथ आधुनिक मशीनरी और संसाधनों का इस्तेमाल किया गया।
संयुक्त टीमों ने विभिन्न स्थानों से जमा कचरा, गंदगी और मलबा हटाया। खुले कचरा डिपो को जेसीबी और डंपर की मदद से साफ किया गया। जलभराव और जल निकासी वाले स्थानों पर सुपर सकर मशीन सहित अन्य संसाधनों का इस्तेमाल किया गया।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने बताया कि मानसून के बाद सफाई व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से 8 सितम्बर तक सात चरणों में विभिन्न जोन में अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से खुले में कचरा नहीं डालने और घर-घर आने वाले हूपर में ही कचरा डालने की अपील की।



















