राजस्थान ट्रैवल कनेक्ट में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू कारोबार बढ़ाने पर जोर

0
53

जयपुर। राजस्थान के पर्यटन क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ राजस्थान टूर ऑपरेटर्स (एफआरटीओ) की ओर से अजमेर रोड स्थित प्रतिष्ठा बैंक्वेट में बीटूबी रोड शो ‘राजस्थान ट्रैवल कनेक्ट’ आयोजित किया गया। इसमें राजस्थान की पर्यटन संभावनाओं, प्रमुख व उभरते पर्यटन स्थलों, आधुनिक सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और पर्यटकों के लिए उपलब्ध विविध यात्रा अनुभवों को देश-विदेश के प्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

एफआरटीओ के महासचिव कमल डोई ने बताया कि रोड शो के जरिए राजस्थान के टूर ऑपरेटर्स, घरेलू कंपनियों और होटल व्यवसायियों को एक मंच पर लाकर नए पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों और कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि राजस्थान ऐतिहासिक किलों, महलों, संस्कृति, विरासत, वन्यजीवन, शादियों, लग्जरी पर्यटन और विश्वस्तरीय आतिथ्य के कारण संपूर्ण पर्यटन अनुभव उपलब्ध कराता है।

रोड शो में राजस्थान को पारंपरिक पर्यटन तक सीमित रखने के बजाय एमआईसीई, लग्जरी, वेडिंग और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने तथा नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को मजबूती से प्रचारित करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में द बुल इन्फोटेक के निदेशक रजत लुबाना, एफआरटीओ अध्यक्ष योगेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष कपिल शर्मा, महासचिव कमल डोई, संयुक्त सचिव देवेंद्र नरूका, कोषाध्यक्ष अभिषेक मेहता, द पैलेस बाय पार्क ज्वेल्स के उपाध्यक्ष संतोष सिंह शेखावत सहित प्रमुख टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल ट्रेड प्रतिनिधि और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here