जयपुर। निकाय चुनाव के बीच पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने मंगलवार को अपने निवास पर प्रेसवार्ता कर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई साल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था और चिकित्सा व्यवस्था बदहाल हो गई है। मुख्यमंत्री को रोड शो करने के बजाय जनता की समस्याओं का जवाब देना चाहिए।
खाचरियावास ने दावा किया कि राजस्थान में दुष्कर्म के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और प्रदेश इस मामले में देश में नंबर वन हो गया है। उन्होंने कहा कि जनता सरकार से सवाल कर रही है और निकाय चुनाव में वोट के जरिए जवाब देगी।
चुनाव में शराब बांटने का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के दौरान खुलेआम शराब बांट रही है। पिछले चार दिनों से अलग-अलग क्षेत्रों में शराब बांटे जाने की शिकायतें मिलने का दावा करते हुए कहा कि लोगों को पूरी बोतल के बजाय पौवे दिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अंग्रेजी शराब मांगने पर देसी शराब दी जा रही है।
चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल
खाचरियावास ने सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि इलाज के दौरान 22 महिलाओं की मौत हुई, पांच महिलाओं की आंखों की रोशनी चली गई और सात महिलाओं की किडनी फेल हुई। उन्होंने राजस्थान में मरीजों को नकली दवाइयां दिए जाने का भी आरोप लगाया। हालांकि, इन दावों के समर्थन में उन्होंने प्रेसवार्ता में विस्तृत दस्तावेज पेश नहीं किए।
सांगानेर सहित जयपुर के इलाकों का मुद्दा उठाया
उन्होंने मुख्यमंत्री के जयपुर रोड शो पर सवाल उठाते हुए कहा कि सांगानेर में रोड शो नहीं हो रहा, जबकि वहां सड़कें खराब हैं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी और मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के विधानसभा क्षेत्रों में भी मूलभूत समस्याएं होने का दावा किया।
दिया कुमारी के बयान पर पलटवार
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के जनता को ‘औकात में रहने’ की नसीहत वाले बयान पर खाचरियावास ने कहा कि जनता अपनी औकात में है, लेकिन सत्ता में बैठे लोगों को याद रखना चाहिए कि वे जनसेवक हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें ‘राजकुमारी’ की तरह नहीं, जनसेवक बनकर जनता के बीच काम करना चाहिए।
गोविंददेवजी मंदिर के विकास का पैसा IIFA में लगाने का आरोप
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि गोविंददेवजी मंदिर के विकास के लिए प्रस्तावित 100 करोड़ रुपए IIFA आयोजन में खर्च कर दिए गए। उन्होंने कहा कि यही राशि मंदिर के विकास पर खर्च होती तो रोजाना आने वाले हजारों-लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकती थीं। उन्होंने सवाल किया कि जयपुर में IIFA कराने से आम जनता को क्या मिला।
वोट से सरकार को संदेश देने की अपील
खाचरियावास ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा के खिलाफ मतदान करने से न तो राज्य सरकार गिरेगी और न मुख्यमंत्री की कुर्सी जाएगी, लेकिन इससे सरकार को जनता की सुनवाई करने और ढाई साल से अटके विकास कार्यों को गति देने का संदेश मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने के लिए भाजपा अलग-अलग क्षेत्रों में निर्दलीय उम्मीदवार खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि रोड शो में मुख्यमंत्री पर फूल बरसेंगे, लेकिन समस्याओं से जूझ रही जनता इसका जवाब चुनाव में वोट से देगी।



















