जयपुर। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जयपुर में हुए रोड शो पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बिना अनुमति रोड शो के कारण शहर में करीब पांच घंटे तक जाम की स्थिति रही। इससे आमजन, व्यापारी, कर्मचारी और जरूरी काम से निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खाचरियावास ने कहा कि जो मुख्यमंत्री चुनाव के दौरान प्रतिबंधित वॉल सिटी में बिना अनुमति रोड शो कर जनता को घंटों जाम में फंसा सकते हैं, वे जयपुर और राजस्थान का भला कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल से जयपुर और प्रदेश की जनता समस्याओं से परेशान है। मुख्यमंत्री खुद जयपुर से विधायक हैं और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी भी जयपुर से विधायक हैं, इसके बावजूद शहर की सड़कों के गड्ढे तक नहीं भरे जा सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय बनी सड़कों के गड्ढे भरने में भी भाजपा सरकार विफल रही है। केवल रोड शो के जरिए जनता को भ्रमित नहीं किया जा सकता। जनता सब देख रही है और समय आने पर वोट के जरिए जवाब देगी।
खाचरियावास ने दावा किया कि भाजपा सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश है और ढाई साल के कथित अधूरे वादों तथा समस्याओं की अनदेखी को लेकर लोग नाराज हैं। उन्होंने आगामी निकाय चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए कहा कि जयपुर में कांग्रेस का बोर्ड बनना जनता की जीत होगी। उन्होंने कहा कि रोड शो से शहर की समस्याएं नहीं छिपेंगी। जयपुर की जनता अब दिखावे के बजाय विकास और जवाबदेही चाहती है।



















