जयपुर। प्रदेश में निकाय चुनाव के तहत आज मतदान की प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई। लोकतंत्र के इस महापर्व में आम जनता के साथ-साथ दिग्गजों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। उन्होंने वार्ड संख्या 141 के बूथ नंबर 10 पर पहुंचकर वोट डाला।
मतदान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि लोकतंत्र के इस उत्सव में जनता की भागीदारी सराहनीय है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं, जो आमजन के जागरूक होने का स्पष्ट संकेत है। नागरिकों ने अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए लोकतंत्र की जड़ों को और मजबूत किया है।
इसके अलावा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अपने विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने पोलिंग बूथों पर मतदाताओं के लिए की गई पानी, छाया और सुरक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मतदान प्रक्रिया का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र भर के पोलिंग बूथों पर मतदाताओं का भारी उत्साह नजर आया। फर्स्ट टाइम वोटर्स से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और अपनी स्थानीय सरकार चुनने के लिए उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।


















