टेक्सटाइल फैक्टरी से 5 लाख के कपड़े चोरी, जीजा-साला गिरफ्तार

0
41
Cunning thief arrested for stealing ₹3 lakh from a marriage garden.

जयपुर। सांगानेर सदर थाना पुलिस ने सीतापुरा स्थित टेक्सटाइल फैक्टरी से करीब पांच लाख रुपए कीमत के कपड़े चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए जीजा-साले को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए एक्सपोर्ट क्वालिटी के कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि दुर्गापुरा निवासी कुणाल केशवानी ने 9 सितंबर को सांगानेर सदर थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार सीतापुरा स्थित केही पनाश टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड में कुर्तियों का एक्सपोर्ट माल तैयार कर ट्रांसपोर्ट के लिए पैक किया जा रहा था। इस दौरान माल कम मिला। जांच करने पर सामने आया कि फैक्टरी की खिड़की खोलकर अंदर प्रवेश किया गया और कपड़े चोरी कर लिए गए।

परिवादी ने फैक्टरी में तैनात गार्ड यश कुमावत और उसके जीजा पर चोरी का संदेह जताया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू भवानी सिंह के निर्देशन में सांगानेर सदर थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास की कंपनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने तकनीकी और अन्य सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में यश कुमावत (19) निवासी सोडाला, जयपुर और उसका जीजा कुलदीप गिरी (29) निवासी सवाई माधोपुर, हाल प्रताप नगर, जयपुर शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब पांच लाख रुपए कीमत का चोरी किया गया कपड़ा बरामद किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here