जयपुर। मुहाना थाना इलाके में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक 25 वर्षीय मजदूर ने खुद का गला रेतकर आत्महत्या कर ली। घटना एसएमएस कॉलोनी स्थित एक कबाड़ खाने की है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरु कर दी है।
थानाधिकारी मुकेश खरड़िया के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय छीतर के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती छानबीन में सामने आया कि छीतर पिछले पांच-सात सालों से मंडी में काम कर रहा था और खानाबदोश की जिंदगी जी रहा था।
शुक्रवार को वह एसएमएस कॉलोनी स्थित एक कबाड़ खाने में गया, जहां उसने अचानक चाकू से खुद का गला रेत लिया। गला कटने के बाद अत्यधिक खून बहता देख वह घबरा गया और मदद की गुहार लगाते हुए कबाड़ खाने से बाहर भागा, लेकिन थोड़ी दूर जाकर सड़क पर अचेत होकर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और मृतक के परिजनों का पता लगाने के लिए प्रयास जारी हैं।



















