नगर निगम चुनाव में 63.55 प्रतिशत मतदान

0
52

जयपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में शुक्रवार को नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जयपुर के मतदाताओं ने लोकतंत्र के महापर्व में उत्साह के साथ भागीदारी निभाते हुए शहर की सरकार चुनने में अपनी भूमिका निभाई। नगर निगम जयपुर में अंतिम रूप से 63.55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मतदान के दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, उद्योग, खेल एवं युवा मामलात् मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य सहित जनप्रतिनिधियों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग मतदाताओं और आम नागरिकों ने मतदान किया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने किया मतदान

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने वैशाली नगर स्थित खण्डेलवाल वैश्य गर्ल्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने सेल्फी प्वाइंट पर अमिट स्याही का निशान दिखाते हुए फोटो खिंचवाई और रिव्यू वॉल पर अपना संदेश भी लिखा। उन्होंने नगर निगम चुनाव में भागीदारी निभाने वाले सभी मतदाताओं का आभार जताया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर संदेश नायक ने सुबह ऋषिकुल विजय स्कूल, करधनी शॉपिंग सेंटर के पास स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। इसके बाद उन्होंने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की सुविधाओं और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफल बनाने में सहयोग करने वाले मतदाताओं, निर्वाचन कार्मिकों, अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों का आभार व्यक्त किया।

शाम तक लगातार बढ़ता गया मतदान

जिला प्रशासन के अनुसार जयपुर नगर निगम में सुबह 10 बजे तक 16.20 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 37.36 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 48.89 प्रतिशत और शाम 6 बजे तक 62.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम आंकड़ा 63.55 प्रतिशत रहा।

इन वार्डों में रहा सर्वाधिक मतदान

वार्डवार आंकड़ों के अनुसार वार्ड 1 से 22 में 63.32 प्रतिशत, 23 से 37 में 64.39 प्रतिशत, 38 से 58 में 57.85 प्रतिशत, 59 से 72 में 61.87 प्रतिशत, 73 से 87 में 57.86 प्रतिशत, 88 से 103 में 57.28 प्रतिशत, 104 से 115 में 67.44 प्रतिशत, 116 से 132 में 72.20 प्रतिशत, 133 से 147 में 68.85 प्रतिशत तथा वार्ड 148 से 150 में सर्वाधिक 81.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here