सरकारी मशीनरी से लोकतंत्र पर प्रहार कर रही भाजपा: डोटासरा

0
48
Political Uproar Over Removal of Textbooks: Dotasra Corners the Government
Political Uproar Over Removal of Textbooks: Dotasra Corners the Government

जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर निकाय चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और प्रत्याशियों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा राजस्थान में भी गुजरात मॉडल लागू करना चाहती है, जिसका मतलब जनप्रतिनिधियों को डराना-धमकाना, दबाव में लाना और भाजपा में शामिल करना है।

डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार के कामकाज के आधार पर वोट मांगने के बजाय प्रशासन का दुरुपयोग कर निकाय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को डराने-धमकाने में जुटी है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा को ऐसा क्या डर है कि प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी और खरीद-फरोख्त की जा रही है।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा के प्रति आम जनता में रोष है और कांग्रेस निकाय चुनाव में जीत की स्थिति में है। इसी कारण भाजपा हार के डर से बौखला गई है और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है। डोटासरा ने कहा कि सभापति का चुनाव 21 सितंबर को होना है, इसके बावजूद भाजपा सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल कर अधिकारियों के माध्यम से अभी से प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी करवा रही है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से जिला अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि निकाय चुनाव में जीत की संभावना रखने वाले निर्दलीय और अन्य प्रत्याशियों को चिन्हित किया जाए तथा उन पर दबाव बनाकर भाजपा की बाड़ेबंदी में पहुंचाया जाए।

डोटासरा ने इसे लोकतंत्र और लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर सीधा प्रहार बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा के इस कथित अलोकतांत्रिक षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में जनता अपने मताधिकार से फैसला करेगी और किसी भी प्रकार के दबाव अथवा सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here