होटल में तोड़फोड़, लूट और धमकी के मामले में 10 माह से फरार दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

0
47
Two wanted criminals with cash rewards on their heads arrested after 10 months on the run.
Two wanted criminals with cash rewards on their heads arrested after 10 months on the run.

जयपुर। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने मालवीय नगर स्थित होटल में तोड़फोड़, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में करीब 10 माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पूर्व में हत्या के प्रकरण में भी निरुद्ध रह चुके हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने मालवीय नगर स्थित होटल में तोड़फोड़, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में करीब 10 माह से फरार चल रहे आरोपी कौशल नागर उर्फ धाकड़ सरकार (26) और विशाल सिंह उर्फ विशाल मदेरणा (21) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार नन्दपुरी, मालवीय नगर निवासी कमल योगी ने 12 नवंबर 2025 को जवाहर सर्किल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 9 नवंबर को यादराम मीणा, नरेश चौधरी और उनके साथ आए करीब 10-15 लोगों ने नन्दपुरी स्थित महादेव होटल के काउंटर में तोड़फोड़ की। आरोपी काउंटर से लैपटॉप व अन्य सामान तथा होटल की कुर्सियां ले गए। जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर 15 सितंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

भरतपुर जिले के उच्चैन थाना क्षेत्र के सेरी कला निवासी विशाल सिंह उर्फ विशाल मदेरणा के खिलाफ उच्चैन और रामनगरिया थाने में मारपीट, धमकी तथा गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। वहीं बूंदी जिले के नैनवा थाना क्षेत्र के बामनगांव निवासी कौशल नागर उर्फ धाकड़ सरकार के खिलाफ मदनगंज और क्रिश्चियनगंज (अजमेर) तथा सांगानेर (जयपुर पूर्व) में चोरी, नकबजनी और मारपीट सहित कई मामले दर्ज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here