पांच साल से फरार दो हजार का इनामी नशा तस्कर गिरफ्तार

0
36
Drug smuggler with a ₹2,000 bounty on his head, absconding for five years, arrested.
Drug smuggler with a ₹2,000 bounty on his head, absconding for five years, arrested.

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियार सप्लाई के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वर्ष 2021 से फरार दो हजार रुपए के इनामी नशा तस्कर भजनलाल बिश्नोई और वर्ष 2024 से वांछित हथियार सप्लायर राजवीर बलाई को पकड़ा है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि शहर में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया के अनुसार 31 जुलाई 2021 को मुहाना थाना पुलिस ने अवैध अफीम के साथ मांगीलाल बिश्नोई को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में मांगीलाल ने पुलिस को बताया कि उसे अफीम भजनलाल बिश्नोई से मिली थी। इसके बाद से भजनलाल फरार चल रहा था और उस पर दो हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से भजनलाल बिश्नोई (28) पुत्र सुखराम बिश्नोई, निवासी मंडवाणियों की ढाणी, भीनमाल, जालौर को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने 2 नवंबर 2024 को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ मोहित और जॉनी डॉगी को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में मुहाना थाने में मुकदमा दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि हथियार उन्होंने राजवीर से लिया था।

इस पर पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी राजवीर बलाई (35) पुत्र मोहनलाल, निवासी संजय नगर, चित्रकूट, जयपुर को गिरफ्तार कर लिया। राजवीर करीब दो साल से पुलिस को वांछित था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में नशा और हथियार तस्करी से जुड़े अन्य मामलों के संबंध में जानकारी मिलने की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here