जयपुर। टेनिस-बॉल क्रिकेट को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से वेलोसिटी क्रिकेट लीग (वीसीएल) शुरू होने जा रही है। एसकेवी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व वाली इस फ्रेंचाइजी आधारित लीग में देश के आठ प्रमुख क्रिकेट बाजारों का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमें हिस्सा लेंगी। मुकाबले 15 ओवर प्रति पारी के प्रारूप में खेले जाएंगे।
लीग के तहत देशभर के खिलाड़ियों की प्रतिभा तलाशने के लिए प्रमुख शहरों में राष्ट्रव्यापी ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल में सफल खिलाड़ियों को लीग के प्लेयर पूल में शामिल किया जाएगा। इसके बाद फ्रेंचाइजी नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से अपनी-अपनी टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन करेंगी। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में जगह बनाने का अवसर मिलेगा।
आठ शहरों की टीमें लेंगी हिस्सा
VCL में प्रस्तावित आठ फ्रेंचाइजी दिल्ली क्राउन, मुंबई इनविंसिबल्स, यूपी यूनिकॉर्न्स, बंगाल बैंगर्स, पंजाब रॉयल्स, गुजरात बुल्स, चेन्नई चार्जर्स और बेंगलुरु मैजिशियंस हैं। शहर आधारित टीमों को राष्ट्रव्यापी खिलाड़ी चयन प्रणाली से जोड़ा गया है।
विजेता को एक करोड़ रुपए
लीग में कुल दो करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि रखी गई है। इसमें विजेता टीम को एक करोड़ रुपए, उपविजेता को 50 लाख रुपए तथा व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए 50 लाख रुपए के पुरस्कार शामिल हैं। पुरस्कार संरचना में टीम की सफलता के साथ खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को भी महत्व दिया गया है।
देशभर में होंगे ट्रायल
लीग आयोजकों के अनुसार, खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने के लिए भारत के प्रमुख शहरों में ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल के बाद चयनित खिलाड़ी प्लेयर पूल का हिस्सा बनेंगे और नीलामी के जरिए आठ फ्रेंचाइजी उन्हें अपनी टीमों में शामिल करेंगी। इससे छोटे शहरों और विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी फ्रेंचाइजी क्रिकेट के मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
एसकेवी वेंचर्स के अनुसार, कंपनी का उद्देश्य ऐसे विस्तार योग्य खेल मंच विकसित करना है, जो खिलाड़ियों के लिए नए अवसर पैदा करने के साथ खेल समुदायों को जोड़ें और युवा दर्शकों के लिए आधुनिक खेल अनुभव उपलब्ध कराएं।
15 ओवर का तेज प्रारूप, फ्रेंचाइजी आधारित प्रतिस्पर्धा, राष्ट्रव्यापी ट्रायल, खिलाड़ी नीलामी और दो करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि वीसीएल की प्रमुख विशेषताएं होंगी। आयोजकों का दावा है कि इन व्यवस्थाओं के जरिए टेनिस-बॉल क्रिकेट को अधिक संगठित स्वरूप में राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।



















