स्कूल के बाहर आपसी रंजिश में 11वीं के छात्र पर लोहे की रॉड से हमला

0
44

जयपुर। अशोक नगर थाना इलाके में एक निजी स्कूल के बाहर छात्रों के विवाद में 11वीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र पर 9वीं और 10वीं कक्षा के छात्रों ने लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। हमले में छात्र के हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी है। हमलावरों ने छात्र की बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी।

हेड कांस्टेबल महिपाल के अनुसार ब्रह्मपुरी निवासी छात्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। छात्र ने बताया कि 11वीं और 9वीं कक्षा के कुछ छात्रों के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद वह बाइक से घर जा रहा था। स्कूल गेट के पीछे 10वीं कक्षा के एक छात्र ने उसका रास्ता रोक लिया।

पीड़ित के अनुसार उसका विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं था। इसके बावजूद 9वीं कक्षा के छात्र और उसके भाई ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार करने का प्रयास किया। बचाव में हाथ आगे करने पर रॉड कोहनी पर लगी, जिससे हाथ टूट गया।

नीचे गिरने के बाद आरोपियों ने पीठ पर डंडों और रॉड से हमला किया और बाइक भी तोड़ दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल छात्र को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां एक्स-रे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक साल से फरार 2 हजार का इनामी गिरफ्तार

जयपुर पुलिस के तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत खोह नागोरियान थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मारपीट और जबरन रुपए ट्रांसफर कराने के मामले में एक साल से फरार चल रहे दो हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर स्मैक का सेवन करते एक युवक को भी पकड़ा और दो स्थाई वारंटों का निस्तारण किया।

एडीसीपी पूर्व पारस जैन ने बताया कि पुलिस ने प्रकरण में वांछित अंकित मीणा (20) निवासी रामनगरिया जयपुर को बापर्दा गिरफ्तार किया। आरोपी पर दो हजार रुपए का इनाम घोषित था।

इसी अभियान के तहत पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर स्मैक का सेवन करते कुश चतुर्वेदी (32) निवासी जामडोली, जयपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से स्मैक सेवन के उपकरण जब्त किया।

इसके अलावा क्षेत्र में वांछित अपराधियों और स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के दौरान दो स्थाई वारंटों का भी निस्तारण किया गया। कार्रवाई में थानाधिकारी सुनील गोदारा, एएसआई वीरेंद्र चौधरी, एएसआई जयपाल, एसआई मुकेश कुमार, एसआई रेखा चौधरी सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here