जयपुर। बिंदायका थाना क्षेत्र की प्रेस्टीज कॉलोनी में रविवार सुबह एक मकान के अंदर मिट्टी में दबा महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मकान मालिक देखरेख के लिए पहुंचे तो घर में ताला लगा था और अंदर से बदबू आ रही थी। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद अंदर जाकर देखा तो बाउंड्रीवाल के भीतर मिट्टी खोदी हुई थी और गड्ढे में दफन महिला का हाथ बाहर निकला हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी खोदकर शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के बाराबंकी निवासी किरन (32) के रूप में हुई है। वह करीब छह माह की गर्भवती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उत्तर प्रदेश निवासी प्रवेश (22) ने करीब दो महीने पहले मकान किराए पर लिया था और किरन को अपनी पत्नी बताकर उसके साथ रह रहा था। पुलिस को आशंका है कि करीब दो-तीन दिन पहले किरन की हत्या कर शव को रात के समय गड्ढा खोदकर दफनाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि शव दफन करने के बाद उसके ऊपर नमक डाला गया और फिर मिट्टी से गड्ढा ढक दिया गया। हत्या के बाद भी प्रवेश करीब तीन दिन तक घर आता-जाता रहा। रविवार सुबह वह मकान से निकल गया और इसके बाद फरार हो गया। पुलिस के अनुसार उसने ठेकेदार से पैसे उधार लिए और फरार हुआ है।
डीसीपी पश्चिम ने बताया कि किराएदार प्रवेश ने महिला को अपनी पत्नी बताया था। पुलिस मृतका के परिजनों की जानकारी जुटाने के साथ आरोपी की तलाश में जुटी है। हत्या के कारणों और वारदात के तरीके को लेकर भी जांच की जा रही है।



















