जयपुर। आराध्य देव श्री गोविंद देव जी मंदिर के सत्संग भवन में आयोजित में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान रविवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। इस पावन अवसर पर कथा व्यास पीठ से पुंडरीक गोस्वामी ने भगवान के जन्म के अनेक वृतांत सुनाए।
इस मौके पर बधाई गान और भजनों पर भक्त झूम उठे और नृत्य गान किया। ख्यातिप्राप्त कथा व्यास वैष्णवाचार्य पुंडरीक गोस्वामी महाराज के सुमुख से जब नंदोत्सव और कृष्ण जन्म की कथा का प्रसंग रसपान कराया गया, तो पूरा मंदिर परिसर भक्ति में डूब गया।
कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग आया, पूरा पंडाल और गोविंद देव जी का सत्संग भवन नंद के आनंद भयो के जयकारों और बधाई गीतों से गूंज उठा। इस कथा प्रसंग के साक्षी बनने के लिए दूर-दूर से बड़ी संख्या में कृष्ण भक्त और वैष्णव जन पहुंचे।
पूरे समय गोविंद देवजी मंदिर परिसर में भक्तों का भारी उत्साह देखने को मिला। कृष्ण जन्म की खुशी में भक्तों ने जमकर नृत्य किया और बधाइयां बांटीं गई। कथा पंडाल को फूलों और लता पताओं से सजाया गया। श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का विश्राम 30 सितंबर को होगा। आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ ले रहे हैं।



















