जयपुर। स्वर कोकिला स्वर्गीय लता मंगेशकर की स्मृति में संगीता संगीत संस्थान की ओर से शास्त्री नगर स्थित साइंस पार्क में ‘मुझे इतना प्यार है’ म्यूजिकल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गायक एवं कार्यक्रम संचालक मनोज शर्मा के नए म्यूजिकल एल्बम ‘मुझे इतना प्यार है’ का विमोचन किया गया। संगीत प्रेमियों ने सुरों से सजी शाम का आनंद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय लता मंगेशकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद कलाकारों ने लता मंगेशकर के सदाबहार गीतों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को सुरमयी बना दिया। मनोज शर्मा, श्वेता मिश्रा, विनेहा, मोनिका माथुर, हेमलता, सोनिया शर्मा, डॉ. अशोक, यूसुफ, योगी, सुनीता चौहान और नीलू कुमावत ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर लता जी की स्मृति को स्वरांजलि दी।
कार्यक्रम का आयोजन मनोज शर्मा के संयोजन और संगीता शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि परकोटा गणेश मंदिर के महंत अमित शर्मा रहे। कार्यक्रम में पंडित आलोक भट्ट, पूर्व आकाशवाणी निदेशक, हाईकोर्ट अधिवक्ता देवेन्द्र शर्मा, जगमाल सैनी, राजस्थान पुलिस, हाईकोर्ट अधिवक्ता सत्येन्द्र शर्मा, होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. रमा माथुर और दीपेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
म्यूजिकल एल्बम ‘मुझे इतना प्यार है’ के विमोचन के साथ कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों के लिए खास पल देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य नई संगीत प्रस्तुतियों को मंच देने के साथ लता मंगेशकर के अमर गीतों और उनकी सुरमयी विरासत को श्रद्धांजलि अर्पित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। साथ ही आगंतुकों एवं कार्यक्रम में शामिल अतिथियों को उपहार भेंट किए गए।



















