जयपुर। किशनगढ़ रेनवाल के मुण्डियागढ़ स्थित श्री शिरडी साई बाबा आयुर्वेदिक कॉलेज एवं हॉस्पिटल में अन्य कॉलेज से इंटर्नशिप करने के लिए एनओसी जारी करने की एवज में रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को तीन कार्मिकों को गिरफ्तार किया।
एसीबी ने कॉलेज के कैशियर/स्टोर कीपर रमेश कुमार शर्मा को परिवादी से 35 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। ट्रेप कार्रवाई के दौरान पूछताछ में क्वालिटी कंट्रोल लैब इंचार्ज एवं डिप्टी डायरेक्टर योगेश कुमार अपूर्वा और कम्प्यूटर ऑपरेटर/कनिष्ठ सहायक राजकुमार मीणा की भी प्रकरण में आपराधिक संलिप्तता सामने आने पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
एसीबी महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के अनुसार एसीबी जयपुर नगर प्रथम इकाई को लिखित शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी भतीजी श्री शिरडी साई बाबा आयुर्वेदिक कॉलेज एवं हॉस्पिटल में बीएएमएस की पढ़ाई कर रही है। वह किसी अन्य कॉलेज से इंटर्नशिप करना चाहती थी। इसके लिए कॉलेज से एनओसी जारी करने की एवज में उससे 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने रिश्वत मांग का सत्यापन किया। सत्यापन के दौरान 40 हजार रुपए की मांग किए जाने और बाद में 35 हजार रुपए में रिश्वत राशि तय होने की पुष्टि हुई।
सत्यापन में रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने गुरुवार को ट्रेप कार्रवाई की। परिवादी से 35 हजार रुपए लेते हुए कॉलेज के कैशियर/स्टोर कीपर रमेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया। ट्रेप कार्रवाई के दौरान हुई पूछताछ में कम्प्यूटर ऑपरेटर/कनिष्ठ सहायक राजकुमार मीणा और क्वालिटी कंट्रोल लैब इंचार्ज एवं डिप्टी डायरेक्टर योगेश कुमार अपूर्वा की भी रिश्वत प्रकरण में आपराधिक संलिप्तता सामने आई। इसके बाद एसीबी ने दोनों को भी गिरफ्तार किया गया।



















