जयपुर। दौलतपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार कॉलेज छात्र की मौत हो गई। हादसा पोखरिया वाला पुलिया के पास शाम करीब 5:30 बजे हुआ। डंपर की टक्कर के बाद छात्र सड़क पर गिर गया और डंपर के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान प्रशांत जांगिड़ (20) के रूप में हुई है। वह सोनी का बाग, विद्याधर नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार जांगिड़ का पुत्र था और एमिटी यूनिवर्सिटी में बीबीए का छात्र था।
दौलतपुरा थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर व मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया। दुर्घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस ने शव को कांवटिया अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



















