जयपुर। शास्त्री नगर की पेंटर कॉलोनी में शनिवार देर रात कबाड़ के एक गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में दहशत फैल गई। आग की लपटें और धुआं उठता देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची शास्त्री नगर थाना पुलिस ने दमकल की दो गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 12 बजे बंद कबाड़ गोदाम से धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में धुएं के साथ आग की ऊंची लपटें दिखाई देने लगीं। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बनीपार्क अग्निशमन केंद्र से दमकल की गाड़ियां बुलवाईं। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे तक प्रयास कर आग बुझाई। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा कबाड़ पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



















