आरएसएस प्रचारक से मारपीट के आरोप में थानाधिकारी सहित छह पुलिसकर्मी निलंबित

0
54

जयपुर। जयपुर ग्रामीण के नरैना थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सांभर जिला प्रचारक कृष्ण अवतार के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला रविवार को तूल पकड़ गया। प्रचारक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद संघ के स्वयंसेवकों और भाजपा नेताओं ने थाने पहुंचकर विरोध जताया।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। वहीं, सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। घायल प्रचारक को उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया।

पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद के अनुसार नरैना थाने के पुलिसकर्मियों के खिलाफ लापरवाही और दुर्व्यवहार की शिकायत मिली थी। प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। थानाधिकारी के निलंबन के लिए पुलिस महानिदेशक को अनुशंसा भेजी गई है। मामले की जांच दूदू के वृत्ताधिकारी अनुपम मिश्रा को सौंपी गई है। जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गश्त के दौरान रोकने के बाद थाने ले जाने का आरोप

संघ के नरैना खंड कार्यवाह अनुराग आगीवाल की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, 10 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे पुलिसकर्मी गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पैदल जा रहे सांभर जिला प्रचारक कृष्ण अवतार को रोककर पूछताछ की गई। इस दौरान कहासुनी होने पर पुलिसकर्मी उन्हें थाने ले गए। आरोप है कि थाने में उनके साथ मारपीट की गई और संघ व उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर अभद्र एवं अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि मारपीट के दौरान प्रचारक की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें एक स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाकर इंजेक्शन लगवाया गया। होश आने के बाद फिर मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। बाद में उनकी हालत को देखते हुए उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

थाने में हनुमान चालीसा का पाठ, कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह आरएसएस के कई स्वयंसेवक नरैना थाने पहुंच गए। धीरे-धीरे भाजपा और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा सैकड़ों कार्यकर्ता भी वहां जुट गए। जयपुर भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर, पूर्व विधायक निर्मल कुमावत और चौमूं के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा सहित कई नेता थाने पहुंचे। सांभर वृत्ताधिकारी मुकेश जोशी भी मौके पर पहुंचे और संबंधित पक्षों से बातचीत कर स्थिति शांत करने का प्रयास किया।

प्रदर्शनकारियों ने थाना परिसर में बैठकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पूरे थाने को निलंबित करने की मांग भी उठाई। विरोध के बीच पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।

सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज

इस प्रकरण में नरैना थाना प्रभारी उमराव सिंह, सहायक थाना प्रभारी ओंकार सिंह, रमेशचंद तथा कांस्टेबल कुलदीप, महिपाल, विनोद और अजय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, ओंकार सिंह, रमेशचंद, कुलदीप, महिपाल, विनोद और अजय को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जयपुर ग्रामीण जिला पुलिस लाइन रहेगा और उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक हनुमान प्रसाद ने कहा कि मामले में प्रारंभिक तौर पर छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। थानाधिकारी के निलंबन के लिए पुलिस महानिदेशक को अनुशंसा भेजी गई है। जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here