जयपुर। छोटी काशी में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को बाबा श्याम और माता रानी की भक्ति का रंग नजर आया। रामगंज बाजार स्थित श्री श्याम प्राचीन मंदिर में भजन संध्या का आयोजन किया गया, वहीं श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति की ओर से 34वें वार्षिकोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले दानदाताओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। दोनों आयोजनों में श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया और भक्ति गीतों के बीच धार्मिक माहौल बना रहा।
इत्र-पुष्प वर्षा के बीच भजनों पर झूमे भक्त
रामगंज बाजार स्थित श्री श्याम प्राचीन मंदिर में प्रथम नवरात्र पर बाबा श्याम और माता रानी का दरबार सजाया गया। कार्यक्रम संयोजक संजय ताड़ी और गायत्री ताड़ी ने बताया कि मंदिर के महंत लोकेश मिश्र के सान्निध्य में बाबा श्याम का आकर्षक शृंगार किया गया। अखंड ज्योत प्रज्वलित करने के बाद गणेश वंदना के साथ भजन संध्या का शुभारंभ हुआ।
भजन संध्या में स्थानीय भजन गायक बिहारी लोहिया, श्याम मेंदावाला, विष्णु शर्मा, योगेश चालीसा और राकेश मुंबई ने बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते और नृत्य करते नजर आए। मंदिर परिसर में लगातार इत्र और पुष्प वर्षा की गई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। भक्तों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया और प्रसाद वितरित किया गया।
वार्षिकोत्सव के सहयोगकर्ताओं का सम्मान
श्री श्याम भजन संध्या परिवार सेवा समिति की ओर से 34वां वार्षिकोत्सव 2 से 4 अक्टूबर तक खंडेलवाल कॉलेज में आयोजित किया गया था। आयोजन की सफलता के बाद रविवार शाम 6 बजे खंडेलवाल महासभा में गणेशजी की ब्राह्मण प्रसादी और सम्मान समारोह हुआ। इसमें वार्षिकोत्सव में सहयोग देने वाले दानदाताओं और कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजीव कुमार शर्मा ने सहयोगकर्ताओं को माला, दुपट्टा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने समिति को सफल आयोजन की बधाई देते हुए प्रत्येक शनिवार को नि:शुल्क सेवा देने वाले कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
समिति अध्यक्ष सुरेश पाटोदिया और मंत्री शंकर झालानी ने पूर्व मुख्य न्यायाधीश संजीव कुमार शर्मा का माला, दुपट्टा और स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम संयोजक हरिकिशन टोडवाल ने कहा कि समिति के सदस्यों की मेहनत और सहयोग से वार्षिकोत्सव सफल रहा। कलश यात्रा संयोजक मनोज मुरारका और योगेश खंडेलवाल ने कलश यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने वाली महिलाओं का आभार जताया।
समारोह में मंच पर उपस्थित संरक्षकों, सह-संयोजकों और कार्यक्रम संरक्षकों ने भी समिति के सदस्यों को बधाई दी। अध्यक्ष ने दानदाताओं और भक्तों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। संस्था के संरक्षक रामबाबू झालानी और कार्यकारी अध्यक्ष कैलाश बड़ाया ने भी आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की।
11 ब्राह्मणों को भोजन कराकर दी दक्षिणा
कार्यक्रम की शुरुआत में 11 ब्राह्मणों को भोजन कराया गया। इसके बाद उन्हें दक्षिणा और भेंट देकर विदा किया गया। समारोह में उपस्थित भक्तों को प्रसादी वितरित की गई। समापन पर समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।



















