जयपुर। नवरात्र महोत्सव के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए जयपुर पुलिस की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट सक्रिय है। गरबा-डांडिया आयोजनों में युवतियों से अभद्रता, अशोभनीय टिप्पणियां करने और हंगामा करने के मामलों में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन को विद्याधर नगर स्टेडियम और एक को स्वर्ण जयंती पार्क से पकड़ा गया।
पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा के अनुसार विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान ड्यूटी पर तैनात कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम ने युवतियों पर अशोभनीय टिप्पणियाँ करने वाले तीन युवकों को पकड़ा। विरोध करने पर आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से उलझने और धमकी देने का प्रयास किया। इसके बाद नमन पारीक (23), निवासी सुभाष कॉलोनी, शास्त्री नगर, प्रणय दुबे (21) निवासी विद्याधर नगर और विक्रम तंवर (33) निवासी कोटपूतली-बहरोड़ हाल वीकेआई, जयपुर को गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह स्वर्ण जयंती पार्क में श्रीराम टीला कच्ची बस्ती की महिलाओं की ओर से आयोजित गरबा कार्यक्रम में अभद्रता की शिकायत पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार महिलाओं को परेशान करने, अशोभनीय इशारे करने और गाली-गलौज करने वाले युवक को समझाइश के बावजूद व्यवहार नहीं सुधारने और धमकी देने परअतीक खान (28) निवासी भट्टा बस्ती जयपुर पकड़ा है।



















