जयपुर। शहर में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों, विशेषकर महिला पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्यटक थाना पुलिस ने प्रमुख पर्यटन स्थलों पर जागरूकता अभियान चलाया।
पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा ने बताया कि शहर में चलाए गए अभियान के दौरान महिलाओं को आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा ऐप की जानकारी दी गई।
पुलिस मुख्यालय के कालिका पेट्रोलिंग यूनिट संबंधी निर्देशों की पालना में आमेर, जलमहल की पाल, हवा महल, जंतर-मंतर, सिटी पैलेस, नाहरगढ़ किला और पत्रिका गेट सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जागरूकता गतिविधियां की गईं। पर्यटक थानाधिकारी शशिकला चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऑटो-रिक्शा स्टैंड पर जाकर ऑटो चालकों, महिला ऑटो चालकों, टैक्सी चालकों, होटल-रेस्तरां संचालकों और उनके कर्मचारियों से संवाद किया।
इस अभियान के दौरान महिला पर्यटकों को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090 और आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 112 की जानकारी दी गई। साथ ही राजकोप सिटीजन ऐप, पिंक गार्ड ऐप तथा पर्यटक पुलिस थाना जयपुर उत्तर के सरकारी नंबर 0141-2600336 और 8764868070 भी बताए गए। पर्यटकों की सुविधा के लिए संबंधित स्थलों पर सुरक्षा संबंधी बैनर भी लगाए गए।
अभियान में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर प्रथम आलोक सिंघल के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त मानक चौक पीयूष कविया के निर्देशन में थानाधिकारी शशिकला चौधरी, हेड कांस्टेबल हरिनारायण और विनोद सिंह, कांस्टेबल मूलचंद, घनश्याम, विश्राम और रामकिशन तथा महिला कांस्टेबल आरती और आंची सहित कालिका पेट्रोलिंग टीम ने भाग लिया। पुलिस का उद्देश्य महिला पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने के प्रति जागरूक करना है।



















