जयपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और शहर में सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के लिए जयपुर यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया है। अभियान के तहत सप्ताहांत में दो दिन के दौरान 189 कार्रवाई कर संबंधित वाहनों को जब्त किया गया।
पुलिस उपायुक्त यातायात प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने और शराब पीकर वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि दर्ज प्रकरणों में इस्तगासे संबंधित न्यायालयों में भेजे जा रहे हैं। साथ ही, दोषी वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने के लिए परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजे जाएंगे।
यातायात पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाना गंभीर यातायात उल्लंघन है। इससे न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस का सहयोग करें।



















